छत्तीसगढ़ के किसान अवनीश पात्र को मिला ‘इनोवेटिव फार्मर सम्मान’…
गिरीश सोनवानी
देवभोग न्यूज : भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, पूसा, नई दिल्ली में आयोजित भारतीय कृषि मेला 2025 में छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के किसान अवनीश पात्र ने अपनी विशेष पहचान बनाई। कृषि मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित इस तीन दिवसीय कार्यक्रम में देशभर से चुनिंदा किसानों को आमंत्रित किया गया, जिसमें नवाचार करने वाले 25 से 30 किसानों को ‘इनोवेटिव फार्मर अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया। छत्तीसगढ़ से इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए केवल एक किसान अवनीश पात्र का चयन हुआ है जो देवभोग ब्लॉक के ग्राम चीचिया में कृषि कार्य करते हैं।
जैविक खेती और वैज्ञानिक तकनीकों से कर रहे नवाचार :- अवनीश पात्र न केवल जैविक खेती में उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं, बल्कि वे फसल उत्पादन में वैज्ञानिक विधियों को भी अपनाते हैं। वे धान और अन्य पारंपरिक फसलों के साथ-साथ आम, नींबू, चीकू, नारियल, बेर जैसी फलों की विभिन्न प्रजातियों का भी उत्पादन करते हैं। उनके द्वारा अपनाई गई आधुनिक कृषि तकनीकों और नवाचारों ने उन्हें न केवल अपने क्षेत्र में बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी एक अलग पहचान है।
मिल चुका है ‘मिलेनियर फार्मर अवार्ड’ और ‘कृषि रत्न’ सम्मान :- अवनीश पात्र को कृषि क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए पहले भी ‘मिलेनियर फार्मर अवार्ड’ और ‘कृषि रत्न’ जैसे प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है। इस बार उन्हें पूसा कृषि मेले में ‘इनोवेटिव फार्मर सम्मान’ से नवाजा गया, जिससे छत्तीसगढ़ के किसानों में भी गर्व और खुशी की लहर है।