छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज बस्तर में कोंडागांव जिले के प्रवास पर रहेंगे। वे यहां भक्त माता कर्मा जयंती एवं मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना कार्यक्रम में शामिल होंगे। वे करोड़ों रुपए के विकासकार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण करेंगे। साथ ही आम सभा को संबोधित करेंगे। इधर, CM के बस्तर प्रवास को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
दरअसल, निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार CM भूपेश बघेल सुबह 11:30 को रायपुर से चॉपर से निकलेंगे और 12:15 को वे कोंडागांव जिले के बड़े राजपुर ब्लॉक के बांसकोट गांव पहुंचेंगे। यहां पे भक्त माता कर्मा जयंती के मौके पर रखे गए कार्यक्रम में शामिल होंगे। साथ ही मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत यहां पर सैकड़ों जोड़ों का विवाह किया जाएगा। CM शादी में शामिल होकर वर-वधु को आशीर्वाद देंगे। इस कार्यक्रम स्थल के बाद वे आम सभा को भी संबोधित करेंगे। कोंडागांव के कार्यक्रम में शिरकत करने के बाद वे बालोद के लिए निकलेंगे।